रूस के अमूर क्षेत्र से एक बड़ा हवाई हादसे की खबर सामने आई है। अंगारा एयरलाइंस का AN-24 यात्री विमान, जिसमें 49 लोग सवार थे, गुरुवार को लापता हो गया था। अब टिंडा शहर के पास पहाड़ी ढलान पर उसका मलबा बरामद हुआ है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इस हादसे में सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई है।

कैसे हुआ हादसा?
विमान ने खबारोवस्क से सुबह 7:36 बजे (स्थानीय समयानुसार) उड़ान भरी थी और यह ब्लागोवेशचेंस्क होते हुए टिंडा की ओर जा रहा था। टिंडा से कुछ किलोमीटर पहले यह रडार से गायब हो गया और कॉल का जवाब देना बंद कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना एक असफल लैंडिंग प्रयास के बाद हुई। मलबा टिंडा से करीब 15 किलोमीटर दूर मिला।
कितने लोग थे विमान में सवार?
अधिकारियों के मुताबिक, विमान में 43 यात्री (जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे) और 6 चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी के मारे जाने की संभावना जताई गई है। गवर्नर वासिली ओर्लोव ने बताया कि बचाव कार्यों में सभी ज़रूरी संसाधनों को लगाया गया।
दुर्घटना का कारण अब तक अज्ञात
फिलहाल विमान दुर्घटना की असली वजह सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां कारणों की जांच कर रही हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।
क्या अमूर क्षेत्र है हादसों का गढ़?
यह पहली बार नहीं है जब अमूर क्षेत्र में ऐसा हवाई हादसा हुआ हो। पिछले साल भी ज़ेया जिले में तीन लोगों को ले जा रहा एक निजी हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान लापता हो गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस क्षेत्र की हवाई सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती हैं।
यह हादसा फिर से हवाई यात्रा की सुरक्षा पर ध्यान आकर्षित करता है। सभी मृतकों के परिवारों को हमारी गहरी संवेदना। उम्मीद की जा रही है कि जांच से मिले निष्कर्ष भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने में मदद करेंगे।



Leave a Reply